हरिद्वार। उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सोमवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उनका दौरा विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आध्यात्मिक यात्रा के रूप में भी रहा। उन्होंने हरिद्वार, उधमसिंहनगर और बिजनौर से जुड़े सिंचाई विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुबह मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने वीआईपी घाट पर गंगा स्नान किया और मां गंगा के पावन तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हुए एक फलदार वृक्ष का पौधारोपण भी किया। इसके बाद उन्होंने आचार्य एवं ज्योतिषाचार्य गिरधर शास्त्री से भेंट कर आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की।
अपने प्रवास के दौरान जलशक्ति मंत्री ने बिलेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने कृष्णायन गौशाला का भ्रमण कर गौवंश संरक्षण एवं सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस दौरान आचार्य विवेकानंद शास्त्री, सिंचाई विभाग के अधिकारी विकास त्यागी, भारत भूषण शर्मा, के.के. सैनी, अनुज बंसल सहित विभाग के कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंत्री ने विकास और आध्यात्मिक मूल्यों के समन्वय को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
