हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को लेकर हरिद्वार प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिले के सभी विभाग युद्धस्तर पर तैयारियों में जुट गए हैं। प्रशासन का साफ संदेश है कि 25 जुलाई तक मेले से जुड़ी हर व्यवस्था पूरी होनी चाहिए, ताकि करोड़ों शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और स्वच्छ यात्रा का अनुभव मिल सके। मेले के मार्गों से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया गया है। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में अस्थायी कब्जों पर बुलडोजर चला और दोबारा अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम भी मौजूद रही। उधर, मां मनसा देवी मंदिर परिसर और पैदल मार्ग पर लगातार दूसरे दिन विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। राजाजी टाइगर रिजर्व और मंदिर समिति के कर्मचारियों ने मंदिर परिसर, सीढ़ी मार्ग और आसपास के वन क्षेत्र से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कूड़ा हटाकर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार किया। लोगों को सिंगल-यूज प्लास्टिक से बचने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की भी अपील की गई।
वहीं, कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, सड़क मरम्मत, शौचालयों की मरम्मत, पेयजल लाइन बिछाने और पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने का काम भी तेजी से जारी है। प्रशासन का दावा है कि इस बार कांवड़ मेला पहले से अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
