हरिद्वार। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरिद्वार में 4 जुलाई से 30 जुलाई तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सभी विभागों को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। शुभारंभ 4 जुलाई को सुबह 11 बजे होगा, जिसमें मुख्यमंत्री का ऋषिकेश से होने वाला संबोधन जिलेभर में लाइव प्रसारित किया जाएगा। सेवा पखवाड़े के दौरान रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, नई सरकारी योजनाएं, सड़क-रेल-रोपवे परियोजनाएं, उद्योग, कृषि, महिला एवं युवा कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जनसेवा शिविर लगाए जाएंगे, जहां मौके पर ही आवेदन और पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं दिव्यांग शिविर, महिलाओं के लिए विशेष चिकित्सा शिविर, रोजगार मेले, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभागीय प्रदर्शनियां और डिजिटल सरकारी सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। राजस्व विभाग लंबित मामलों के निस्तारण के लिए समाधान समारोह-विशेष लोक अदालत भी आयोजित करेगा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
