हरिद्वार, 1 जुलाई। जनपद प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की किसी भी जनकल्याणकारी योजना का पात्र लाभार्थी वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें। बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, शिक्षा, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जल जीवन मिशन समेत विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने आयुष्मान भारत योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने, ग्रामीण परिवारों को रोजगार योजनाओं से जोड़ने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत नियमित राशन वितरण सुनिश्चित करने तथा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं जनपद में चिकित्सकों की कमी दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का भी आश्वासन दिया। वीके संत ने विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि इसी गति और समर्पण के साथ कार्य जारी रखा जाए, ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। बैठक से पहले जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रभारी सचिव का पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
