परिसर निदेशक डॉ. अनूप कुमार गक्खड़ की मौजूदगी में हुई वार्ता, कुलसचिव ने न्यायोचित मांगों के समाधान का दिया भरोसा
हरिद्वार। ऋषिकुल आयुर्वेदिक चिकित्सालय विश्वविद्यालय में निरीक्षण के लिए पहुंचे कुलसचिव शिव कुमार बर्नवाल (पीसीएस) का चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ, चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान परिसर निदेशक डॉ. अनूप कुमार गक्खड़ भी मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा और उपशाखा अध्यक्ष छत्रपाल सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कुलसचिव से मुलाकात कर वेतन का समय पर भुगतान, लंबित पदोन्नतियां, एसीपी, जीपीएफ, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, वर्दी, पेंशन तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों का शीघ्र भुगतान सहित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारी नेताओं ने लाइब्रेरी सहायक, डार्क रूम सहायक, ओटी सहायक, लैब सहायक, योग प्रशिक्षक सहायक और पंचकर्म सहायक जैसे पदों पर कार्यरत कर्मचारियों की पदोन्नति की मांग उठाते हुए कहा कि इससे शासन या विश्वविद्यालय पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा।
कुलसचिव शिव कुमार बर्नवाल ने कर्मचारियों से सकारात्मक बातचीत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय पिछले छह वर्षों से चली आ रही विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सभी के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी मांगों का विस्तृत पत्र पुनः उपलब्ध कराने को कहा और भरोसा दिलाया कि सभी न्यायोचित मांगों के समाधान का पूरा प्रयास किया जाएगा।
वार्ता के बाद कर्मचारियों ने कुलसचिव का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।
इस अवसर पर दिनेश लखेड़ा, छत्रपाल सिंह, अमित कुमार, सतीश, बाला देवी, बृजेश, डोली, सुमंत पाल, कल्लू और चंद्रप्रकाश सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
