कांवड़ यात्रा और कुंभ की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, देरी पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा और प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को एचआरडीए सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और स्पष्ट चेतावनी दी कि कुंभ क्षेत्र से जुड़ी सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरी की जाएं। बैठक में हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग और शहर के प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। सोनिका ने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित हो रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने परियोजना निदेशकों को व्यक्तिगत निगरानी बढ़ाने, संसाधनों और वाहनों की संख्या बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने विशेष रूप से जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र में चल रहे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने दो टूक कहा कि कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्यों के कारण कांवड़ यात्रा के दौरान कोई अव्यवस्था या यातायात व्यवधान पैदा होता है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डी.के. सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह तथा एनएचएआई रुड़की के परियोजना निदेशक विशाल गोयल और संतोष सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
