हरिद्वार। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम हरिद्वार ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में लगी एजेंसी ईकोन वॉटरग्रेस का एक वाहन खुले में कूड़ा ढोते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एजेंसी पर ₹25 हजार का जुर्माना ठोक दिया। जानकारी के अनुसार वाहन में कूड़ा निर्धारित मानकों के अनुरूप ढका नहीं गया था। इससे रास्ते में कूड़ा बिखरने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। मामला नगर निगम के संज्ञान में आते ही नगर आयुक्त नंदन कुमार ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद निगम ने एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की कड़ी चेतावनी भी दी है। नगर निगम का कहना है कि सभी एजेंसियों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि कूड़ा परिवहन के दौरान वाहन पूरी तरह ढके होने चाहिए और स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने दो टूक कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वाली एजेंसियों के खिलाफ जुर्माने के साथ अनुबंधीय कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं निगम ने नागरिकों से भी स्वच्छता संबंधी अनियमितताओं की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
