हरिद्वार, 19 जून। धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने दो दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में यह अभियान 20 एवं 21 जून को प्रातः 8 बजे से सर्वानंद घाट से पंतद्वीप पार्किंग तक संचालित किया जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं स्वच्छता सहयोजक मीरा रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कूड़ा एवं गंदगी जमा होने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इससे हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सफाई अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान घाटों, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई की जाएगी, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाना है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने की अपील करते हुए सभी स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, संत समाज, धार्मिक संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में शहर को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन को उम्मीद है कि जनसहयोग से यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप लेगा और हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
