हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विश्वास के विकास और जनकल्याण कार्यक्रमों के अंतर्गत हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में एक पेड़ मां के नाम अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, हरिद्वार नगर निगम की मेयर किरण जैसल तथा भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बिल्केश्वर कॉलोनी पार्क में वृक्षारोपण किया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने व्यापारियों और चिकित्सकों से जनसंपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, युवा, महिला सशक्तिकरण तथा आंतरिक सुरक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश आज विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनकर प्रधानमंत्री के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज विश्व पटल पर भारत का गौरव लगातार बढ़ रहा है। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और चारधाम यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालु राज्य के बदलते स्वरूप को देखकर प्रभावित हो रहे हैं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, अंजना चड्ढा, राजेश शर्मा, सचिन बेनीवाल, सचिन वर्मा, अनिल पुरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
