हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकसित भारत 2047 के संकल्प को लेकर मध्य हरिद्वार स्थित वैभव ग्रैंड होटल में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों के साथ संवाद किया। अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवाओं के लिए रोजगार, डिजिटल क्रांति और आधारभूत ढांचे के विकास में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि करोड़ों लोगों को आवास, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। साथ ही यूपीआई लेनदेन, निर्यात और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है तथा सड़क, रेल, हवाई अड्डों और डिजिटल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। कोरोना काल में भारत ने अपने नागरिकों के साथ-साथ अन्य देशों की भी सहायता कर वैश्विक नेतृत्व का परिचय दिया। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक संरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुधार और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने भी अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विकास तिवारी, हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, राजेश शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, तरुण नैयर, प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, किशन बजाज, तुषांक भट्ट, संदीप गोयल, कामिनी सडाना, मृदुला शास्त्री सिंघल एवं पारुल चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
