हरिद्वार, 28 मई। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी हताश और निराश हो चुके हैं। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि नीट सहित कई बड़ी परीक्षाओं के पेपर बार-बार लीक हो रहे हैं, जिससे मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। आलोक शर्मा ने कहा कि वर्षों तक कड़ी मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के साथ सरकार धोखा कर रही है। पेपर लीक मामलों में अब तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है और नकल माफिया शिक्षा व्यवस्था को खोखला करने में लगे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पेपर लीक मामलों की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाएगा? उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तराखंड दौरे पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच की वर्तमान स्थिति पर भी जनता को जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को विश्व गुरु बनाने का सपना युवा पीढ़ी ही पूरा कर सकती है, लेकिन आज युवाओं का भविष्य संकट में है।इस दौरान ग्रामीण जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और संजय सैनी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार नकल माफिया पर नकेल कसने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। कई बार पेपर लीक होने के बावजूद इस पर अंकुश नहीं लगना सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के भविष्य से खिलवाड़ बंद होना चाहिए।
