हरिद्वार, 23 मई। देश में लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आम जनता की परेशानियों को लेकर युवा कांग्रेस, हरिद्वार के संयोजन में रविवार 24 मई को शाम 4 बजे चंद्राचार्य चौक से वाल्मीकि चौक तक झोटा-बुग्गी यात्रा निकाली जाएगी। इस विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए ऋषिकुल स्थित कार्यालय में युवा कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने रणनीति बनाई।
बैठक में युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान और पूर्व प्रदेश महासचिव सागर बेनीवाल ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर रसोई और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डीजल के दाम बढ़ने से खेतों से मंडियों तक सब्जियां और राशन पहुंचाने का खर्च बढ़ गया है। इसका असर टमाटर, आलू, प्याज, दूध और खाद्य तेल जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा और महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें कम होने का लाभ जनता को देने में विफल रही। उन्होंने कहा कि आज महंगाई से आम जनता त्रस्त है और सरकार जवाबदेही से बच रही है।
बैठक में समीर अंसारी, सौरभ सैनी, संजय राणा, राहुल चौहान, जवाहर चावला, मोहित कुकेजा, शिवम वाल्मीकि, राजू चित्कारा और राजबीर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
