हरिद्वार, 22 मई 2026। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के उद्देश्य से मेला प्रशासन एवं हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण द्वारा हरित हरिद्वार अभियान शुरू किया जा रहा है। आगामी मानसून सत्र में कुंभ क्षेत्र में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी की गई है।
मेला अधिकारी एवं एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका की पहल पर चलाए जा रहे इस अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा को समग्र नोडल अधिकारी बनाया गया है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि अभियान में आमजन, सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण और देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं पौधारोपण के लिए स्थान चिन्हित कर प्राधिकरण को सूचना दे सकते हैं, जिससे समन्वय बनाकर पौधारोपण कराया जा सके। उन्होंने नागरिकों से हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की।
