हरिद्वार।
श्यामपुर रेंज में दो दिन पूर्व वन गुर्जरों द्वारा टाइगर के नर और मादा शावकों की हत्या के मामले ने वन विभाग और शासन को गंभीर चिंता में डाल दिया है। बुधवार को प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल एवं राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदगनी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्रीगण को घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर वन प्रभागीय अधिकारी अनिरुद्ध स्वप्निल (IFS), एसडीओ पूनम कैंथोला, रेंजर विनय कुमार राठी सहित वन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश में वन्यजीवों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
