हरिद्वार, 19 मई। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले से पहले सड़क खोदकर अधूरे पड़े सीवरेज कार्यों पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को डीएम ने पुराने आरटीओ चौक और भारत माता मंदिर मार्ग का औचक निरीक्षण किया और जगह-जगह फैले मलबे, धीमी रफ्तार निर्माण कार्य और अव्यवस्था पर अधिकारियों व ठेकेदारों को जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ कहा कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सड़क किनारे पड़े मलबे को तत्काल हटाने और सभी निर्माण कार्य 5 दिन के भीतर हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी गई कि तय समय सीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई तय है। डीएम ने लोक निर्माण विभाग और पेयजल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता न हो। खासतौर पर खुले मैनहॉल को लेकर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और सभी मैनहॉल सुरक्षित ढंग से बंद रखने के निर्देश दिए। मयूर दीक्षित ने कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, ऐसे में सड़कें, सीवरेज और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और ठेकेदारों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।
