हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 को तकनीकी रूप से सबसे आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में मेला प्रशासन ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं बाधित न हों, इसके लिए अब कुंभ नगरी में हाईटेक संचार व्यवस्था तैयार की जाएगी। 14 जनवरी से 20 अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध मोबाइल और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने दूरसंचार विभाग और प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में निर्देश दिए गए कि इस बार पूर्व के कुंभ मेलों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए संचार नेटवर्क को और अधिक मजबूत, आधुनिक और व्यवस्थित बनाया जाए।
बैठक में तय किया गया कि कुंभ क्षेत्र में स्थायी मोबाइल टावरों का विस्तार किया जाएगा, जबकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़ी संख्या में “सेल ऑन व्हील” और “स्मॉल सेल” टावर लगाए जाएंगे। “स्मॉल सेल” तकनीक के जरिए लगभग 200 मीटर के दायरे में बेहतर नेटवर्क कवरेज उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्नान घाटों, पार्किंग क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर भी कॉल ड्रॉप और इंटरनेट समस्या कम होगी।
मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सेक्टरों से संबंधित बेसलाइन डाटा और संभावित भीड़ का विस्तृत विवरण एक सप्ताह के भीतर दूरसंचार विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि उसी के आधार पर प्रभावी नेटवर्क योजना तैयार की जा सके।
दूरसंचार विभाग के अपर महानिदेशक अमित रावत ने बताया कि संयुक्त निरीक्षण और मेला प्रशासन से मिलने वाले डाटा के आधार पर आगामी 10 जून तक विस्तृत दूरसंचार योजना तैयार कर प्रस्तुत कर दी जाएगी।
मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती और अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल, पुलिस उपाधीक्षक (कुंभ मेला) बिपेन्द्र सिंह, डीजीएम बीएसएनएल मुकेश कुमार गुप्ता सहित कईं लोग उपस्थित थे।
