हरिद्वार।
चंपावत प्रकरण को लेकर प्रदेश की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। इसी क्रम में रविवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने महिला मोर्चा अध्यक्ष के नेतृत्व में चंद्राचार्य चौक पर कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला मोर्चा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर कांग्रेस पर भ्रामक राजनीति करने का आरोप लगाया गया।प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और कहा कि चंपावत मामले को राजनीतिक रंग देकर प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं पर महिलाओं के मुद्दों को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया। इस अवसर पर हरिद्वार मेयर किरण जैसल ने कहा कि कांग्रेस नेता महिलाओं के प्रति असंवेदनशील रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों को जाने जनता के सामने झूठ परोसना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और भाजपा इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अन्नू कक्कड़ ने कांग्रेस पर दुष्प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं कांग्रेस की घटिया मानसिकता का मुंहतोड़ जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आए तथ्यों से साफ है कि कांग्रेस राजनीतिक महत्वाकांक्षा के चलते प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के मुद्दों पर गंदी राजनीति कर रही है और आने वाले समय में प्रदेश की महिलाएं कांग्रेस को आईना दिखाने का काम करेंगी। महिला मोर्चा प्रभारी संजीव चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड महिलाओं के त्याग और संघर्ष की भूमि है, लेकिन कांग्रेस प्रदेश में जिस तरह का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है, उससे उसका महिला विरोधी चेहरा उजागर हो रहा है। कार्यक्रम में जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, आशु चौधरी, लव शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, आशीष चौधरी, शिवा चौहान, प्रदेश आईटी संयोजक रंजना चतुर्वेदी, चित्रा शर्मा, विमला ढौंढियाल, शर्मिला बगवाड़ी, सुषमा चौहान, चंचल, प्रमिला चौहान, लता गोयल, दीपिका शर्मा, रंजीता चौहान, नीति शर्मा, संगीता प्रजापति और लोकेश पाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
