हरिद्वार। निजी विद्यालयों में बच्चों के साथ हो रहे शोषण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में जगजीतपुर पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों और शिक्षकों के अनिवार्य सत्यापन की मांग उठाते हुए आरोपी शिक्षक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कैश खुराना और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि निजी विद्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक के नाम पर अपराधी विद्यालयों में बच्चों के बीच पहुंच रहे हैं, जिससे अभिभावकों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले महीने एक निजी विद्यालय में एक छोटी बच्ची के साथ शिक्षक द्वारा दुराचार की घटना सामने आई थी, लेकिन आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में बच्चियों के साथ शोषण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
नितिन तेश्वर और हिमांशु बहुगुणा ने कहा कि जब तक निजी विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन नहीं होगा, तब तक इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
वहीं पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष लक्ष्य चौहान, शुभम जोशी, ऋषभ, दिनेश कुमार, परितोष त्यागी, लक्की महाजन, नरेश सेमवाल, अमन अंसारी, राहुल चौधरी, मोहन राणा, आशु श्रीवास्तव, डॉ. मेहरबान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
