हरिद्वार, 6 मई। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिलोक तिराहा ज्वालापुर और बहादराबाद टोल प्लाजा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में यातायात व्यवस्था सुचारू रहनी चाहिए। इसके लिए जो भी कार्य संभव हैं, उन्हें तय समयसीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री और मलबे को तुरंत हटाने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में कोई बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्माण कार्यों में गति लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, जो कार्य दिन में संभव नहीं हैं, उन्हें रात्रि के समय कराने पर जोर दिया गया। डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार, एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष कुमार, हिमालयन कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुमित कुमार, राजकुमार पांडे और इंजीनियर उत्तम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
