हरिद्वार। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर हरिद्वार में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। चंद्राचार्य चौक पर आयोजित कार्यक्रम में पंचायती राज, आयुष एवं आपदा मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, नारेबाजी की और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर केबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि यह दिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की उसी धरती पर, जहां से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवादी विचारधारा का आंदोलन शुरू किया था, आज पहली बार भाजपा की सरकार बनने का श्रेय समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने इस जीत को हजारों कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और बलिदान का परिणाम बताया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति को इसका मुख्य आधार बताया। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष चंद्र ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम के जनादेश ने यह साबित कर दिया है कि देश की जनता प्रधानमंत्री के राष्ट्रवाद और सुशासन पर भरोसा करती है। उन्होंने इसे विपक्ष की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनता का करारा जवाब बताया। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि इस जीत ने कार्यकर्ताओं का मनोबल दोगुना कर दिया है और आने वाले उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में भी भाजपा इसी प्रदर्शन को दोहराएगी। कार्यक्रम में पार्षद राजेश शर्मा, राजकुमार अरोड़ा, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, पार्षद अनिल कुमार, मृदुल शास्त्री, सिंघल, मंजू रावत, सरोज जाखड़, राहुल शर्मा, गौरव भाटिया, पार्थ दुबे, करण वर्मा, सुनील सैनी, सिद्धार्थ कौशिक, निशा नौडियाल, गुलशन अरोड़ा, ए.वी. भारती, रविकांत शर्मा, मनोज शर्मा, निर्मल भट्ट, श्याम बाबू शर्मा, अशोक गिरी, पवन दबोड़ीया, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कटारिया, योगेंद्र पाल, रवि, अंकित रघुवंशी, सुभाष जांगिड़ सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
