हरिद्वार। कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने गुरुवार को विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेद निकेतन घाट, खड़खड़ी श्मशान घाट तथा खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वेद निकेतन घाट पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अपर मेलाधिकारी ने घाट के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा उपायों और अन्य आधारभूत सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। इसके बाद उन्होंने खड़खड़ी श्मशान घाट का निरीक्षण किया, जहां कुंभ मेला मद से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं। अधिकारियों ने बताया कि यहां घाट और शवदाह प्लेटफॉर्म का विस्तार, चिमनियों की ऊंचाई बढ़ाने, गैस आधारित शवदाह चैम्बर के निर्माण सहित अन्य सुविधाओं के विकास की योजना है। अपर मेलाधिकारी ने इन योजनाओं की उपयोगिता परखते हुए विस्तृत आगणन शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी पर बन रहे दो लेन स्टील पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना की स्पष्ट टाइमलाइन बनाई जाए और गुणवत्ता से समझौता किए बिना कार्य 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और श्मशान सेवा समिति के पदाधिकारियों से संवाद कर सुझाव भी लिए। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और अभियंता भी उपस्थित रहे।
