सब्बल और आरी लेकर हार्डवेयर की दुकान में सेंध लगाने पहुंचे थे दो आरोपी, पकड़े जाने के डर से छत से लगा दी छलांग
कनखल के जियापोता गांव में वारदात की कोशिश नाकाम, पुलिस ने सब्बल, आरी और दो सीढ़ियां की बरामद
हरिद्वार। धर्मनगरी में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दुकानों की छत और शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। हालांकि, कनखल के जियापोता गांव में दो शातिरों की चोरी की योजना उस वक्त धरी की धरी रह गई, जब पड़ोसियों की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। जागरूक लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर की सुबह मिस्सरपुर निवासी विराज सैनी को पड़ोसियों ने सूचना दी कि जियापोता गांव स्थित उनकी हार्डवेयर की दुकान की छत पर दो संदिग्ध व्यक्ति सब्बल और आरी लेकर खड़े हैं। दोनों दुकान की छत या शटर तोड़कर चोरी करने की तैयारी में थे। सूचना मिलते ही विराज अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख दोनों आरोपियों ने छत से छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरा घायल होकर लोगों के हत्थे चढ़ गया। सूचना पर जगजीतपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से एक दोमुंही सब्बल, सरिया काटने की आरी और दो सीढ़ियां बरामद की हैं। मामले में विराज सैनी की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मवीर पुत्र स्वर्गीय जयपाल, निवासी टोडा कल्याणपुर, कोतवाली रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
