उपनल कर्मियों की तर्ज पर समान कार्य-समान वेतन देने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, शासनादेश लागू नहीं होने पर जताई नाराजगी
विकासनगर। वर्षों से सरकारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बने डाटा एंट्री ऑपरेटरों के वेतन और अधिकारों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। अपने हक की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने विकासनगर तहसील में प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। मोर्चा ने प्रदेशभर के भूलेख केंद्रों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को उपनल कर्मियों की तर्ज पर समान कार्य-समान वेतन का लाभ देने की मांग उठाई।
मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील का घेराव किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार जीडी जोशी को सौंपा गया।
नेगी ने कहा कि प्रदेश के भूलेख केंद्रों में करीब 120 कंप्यूटर ऑपरेटर और डाटा एंट्री ऑपरेटर पिछले 15 से 20 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें वह मानदेय और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिनके वे हकदार हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के जून 2016 के शासनादेश में इन कार्मिकों को उपनल कर्मियों की भांति मानदेय देने का प्रावधान किया गया था, लेकिन इसका अनुपालन आज तक नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में उपनल के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ अनुमन्य किया जा चुका है। ऐसे में समान प्रकृति का कार्य करने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटरों को इस लाभ से वंचित रखना उचित नहीं है।
नेगी ने राजस्व परिषद उत्तराखंड की 14 अगस्त 2026 को शासन को भेजी गई रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इसमें भी इन कार्मिकों का मानदेय उपनल कर्मियों की भांति स्वतः परिवर्तित होने का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद कर्मचारियों को लाभ नहीं मिलना गंभीर विषय है।
मोर्चा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शासनादेश के अनुरूप भुगतान और समान कार्य-समान वेतन का लाभ नहीं दिया गया तो मोर्चा इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएगा और कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगा।
प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, मोहम्मद आरिफ, हाजी असद, बृजलाला टम्टा, प्रवीण शर्मा पिन्नी, संजय गुप्ता, गुलफाम अली, वाहिद कुरैशी, मानचंद राणा, रूपचंद, विक्रम सिंह पाल, नदीम, मीडिया प्रभारी अतुल हांडा सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
