यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा, डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
हरिद्वार, 27 अक्टूबर। धर्मनगरी हरिद्वार में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। लालजीवाला पार्किंग में बसों की मनमानी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अब तक 20 बसों के चालान किए गए, जबकि नियमों के उल्लंघन पर तीन बसों को सीज कर दिया गया। इतना ही नहीं, 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है। कार्रवाई से बस संचालकों में खलबली मची हुई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में बसों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस प्रमाणपत्र, आवश्यक दस्तावेजों और परमिट की शर्तों की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सड़कों पर दौड़ने वाली बसें यात्रियों की सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर खरी उतरें। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन तथा परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती की टीम कार्रवाई में जुटी है। तकनीकी निरीक्षण के दौरान बसों में सुरक्षा से जुड़ी कमियों की पहचान कर नियमानुसार कदम उठाए जा रहे हैं।
फिटनेस पर भी सख्ती, आगे बढ़ सकता है कार्रवाई का आंकड़ा
अभियान में 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। हालांकि, फिटनेस निरस्तीकरण पर अंतिम कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल कागजात पूरे होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि वाहन की तकनीकी स्थिति और सुरक्षित संचालन के मानकों का पालन भी जरूरी है। प्रशासन की इस कार्रवाई ने बस संचालकों को साफ संदेश दिया है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाली लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लालजीवाला पार्किंग में चेकिंग अभियान अभी जारी है। ऐसे में जांच आगे बढ़ने के साथ कार्रवाई का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
