बहादराबाद। पतंजलि रोड पर देव धर्मकांटा के पास 14 सितंबर को हुई हैप्पी की गोली मारकर हत्या के मामले में बहादराबाद पुलिस ने एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को थाना फतेहपुर क्षेत्र के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को शान्तरशाह निवासी 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। गिरफ्तारी के लिए आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
लगातार की जा रही पतारसी और सुरागरसी के बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इस्तकार फतेहपुर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस टीम ने छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर हैप्पी की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी द्वारा पुलिस को मुखबिरी किए जाने का इस्तकार को शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि हैप्पी उसे लगातार पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था और पैसों की मांग भी करता था। इसी विवाद और रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और दो दिन बाद 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब इस्तकार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
बरामदगी: .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद, निवासी ग्राम शान्तरशाह, कोतवाली बहादराबाद के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
