हरिद्वार, 21 अगस्त। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि जनवरी 2026 में सीबीआई द्वारा मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू किए जाने के बाद कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन जांच किस दिशा में आगे बढ़ी और अब तक क्या महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, इसकी जानकारी जनता को नहीं दी गई है।
अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता के परिजनों द्वारा भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं पर लगाए गए आरोपों का सीबीआई जांच में अब तक कोई स्पष्ट उल्लेख सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जिन सवालों ने अंकिता के परिवार और प्रदेश की जनता को लंबे समय से परेशान कर रखा है, उनका जवाब जांच के जरिए सामने आना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि सीबीआई जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और निष्कर्षों को सार्वजनिक किया जाए तथा मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी और कथित षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो।
अमन गर्ग ने बताया कि हाल ही में अंकिता के माता-पिता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर सीबीआई जांच में हो रही देरी की जानकारी दी और न्याय दिलाने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर और संतोष चौहान ने भी अंकिता को न्याय दिलाने की मांग की। वहीं सीपी सिंह और महेश प्रताप राणा ने कहा कि न्याय की लड़ाई में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
