हरिद्वार। भूपतवाला स्थित ऐतिहासिक अमेरिकन आश्रम की संपत्ति को कथित तौर पर खुर्द-बुर्द किए जाने और जमीन पर कब्जे के आरोपों को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र में हलचल तेज हो गई। शिव नगर, रानीगली निवासी समाजसेवी नितिन यादव यदुवंशी ने अमेरिकन आश्रम के मुख्य गेट के सामने धरना देकर प्रशासन से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान नितिन यादव ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफियाओं द्वारा अमेरिकन आश्रम की संपत्ति को कथित रूप से कब्जाने और खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका दावा है कि आश्रम की कई बीघा जमीन को दूसरी संपत्ति में मिलाकर रातों-रात सीमेंट की शील्ड वाली दीवार खड़ी कर दी गई, जिससे आश्रम की भूमि पर कब्जे का रास्ता बनाया गया।
समाजसेवी कपिल जौनसारी और हिमांशु वर्मा ने कहा कि इस संपत्ति पर पिछले कई वर्षों से कब्जे के प्रयास की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी हरिद्वार के जिला मजिस्ट्रेट और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर संपत्ति की जांच और कब्जे के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं दिनेश खड़का, ओम मलिक और रितेश ने कहा कि प्रशासन को अमेरिकन आश्रम की संपत्ति की सीमाओं और स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की जांच कर पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए। नितिन यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले की जांच शुरू नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों के साथ अमेरिकन आश्रम से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। धरने में शिवकुमार राजपूत, शुभम जोशी, लव पांडे, करन पंत, मोनू राजपूत सहित कई लोग मौजूद रहे।
