देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्टर और स्क्रीनशॉट राजनीतिक चर्चाओं का नया केंद्र बन गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के भीतर कथित अंदरूनी खींचतान को लेकर एक ऐसा ही स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पार्टी के गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
वायरल स्क्रीनशॉट में ‘BJP (मीडिया उत्तराखंड)’ नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में ‘Manveer Chaohan bjp me…’ नाम के प्रोफाइल से एक पोस्ट शेयर किए जाने का दावा किया जा रहा है। पोस्ट में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को निशाना बनाते हुए एक आपत्तिजनक राजनीतिक पोस्टर नजर आ रहा है।

पोस्टर में मंत्री सौरभ बहुगुणा के हाथ में एक कटोरा दिखाया गया है, जिस पर ‘10%’ लिखा हुआ है। वहीं पोस्टर में अन्य व्यक्ति को भी हिस्सा मांगते हुए दिखाया गया है। यही पोस्टर अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि, वायरल स्क्रीनशॉट की प्रामाणिकता और इसे वास्तव में किसने पोस्ट किया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में स्क्रीनशॉट के आधार पर किसी व्यक्ति की भूमिका को अंतिम रूप से सही मानना उचित नहीं होगा।
राजनीतिक तौर पर देखें तो बीजेपी के लिए यह मामला इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में यदि पार्टी के भीतर से ही नेताओं के खिलाफ इस तरह की सामग्री सामने आने के दावे होते हैं, तो इससे अंदरूनी गुटबाजी और अनुशासन को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
अब निगाह इस बात पर है कि वायरल स्क्रीनशॉट को लेकर बीजेपी नेतृत्व या संबंधित नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं। फिलहाल ‘10% वाला कटोरा’ पोस्टर उत्तराखंड की सियासत में खूब चर्चा बटोर रहा है।
