हरिद्वार। भूपतवाला स्थित ऐतिहासिक अमेरिकन आश्रम, स्वामी देवानंद ट्रस्ट की करोड़ों रुपये की धार्मिक संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। भाजपा पार्षद सुनीता शर्मा ने संपत्ति की कथित खुर्द-बुर्द, बिक्री और निर्माण को लेकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। आरोप है कि आश्रम की बेशकीमती संपत्ति को जिला न्यायालय की अनुमति के बिना बेचने या हस्तांतरित करने की कार्रवाई की गई। पार्षद का कहना है कि धार्मिक एवं सार्वजनिक ट्रस्ट की संपत्ति के संबंध में कानूनन निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है। मामला उस समय और गरमा गया जब आरोप लगाए गए कि संपत्ति के नए क्रेताओं द्वारा कांवड़ यात्रा की आड़ में रातों-रात चारदीवारी कर कब्जे की कोशिश की गई। साथ ही आश्रम की भूमि पर रास्ता निकालने तथा कथित तौर पर अवैध दुकानों के निर्माण की तैयारी के भी आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों और संत समाज में इस मामले को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो यह केवल संपत्ति विवाद नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक धार्मिक धरोहर से जुड़ा गंभीर मामला है। भाजपा पार्षद सुनीता शर्मा ने जिलाधिकारी हरिद्वार और धर्मस्व विभाग से उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कथित अवैध बिक्री की जांच, दोषी ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं क्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई और अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
