विकासनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वास्तविक पात्र गरीबों को उनका अधिकार दिलाने और चयन सूची में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने शुक्रवार को विकासनगर तहसील का घेराव किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी देहरादून के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनोद कुमार को सौंपा। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने सूची की निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि विकासनगर ब्लॉक की प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से कई वास्तविक गरीब परिवारों के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि कुछ सरकारी नौकरीपेशा लोगों, उनके परिजनों तथा दो और तीन मंजिला मकानों के मालिकों के नाम सूची में शामिल कर दिए गए हैं। उनका कहना था कि कुछ साधन-संपन्न लोगों ने अपने पक्के मकानों की जगह पुराने टीन शेड, गौशालाओं और जर्जर भवनों को दर्शाकर कथित मिलीभगत से योजना का लाभ लेने का प्रयास किया है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और पात्र लोगों को न्याय दिलाने की मांग की।
मोर्चा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर पात्र लोगों को योजना का लाभ नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन एवं घेराव में आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, के.सी. चंदेल, आर.पी. भट्ट, अकरम सलमानी, टीकाराम उनियाल, भजन सिंह नेगी, महेंद्र सिंघल, हाजी असद, विनोद रावत, प्रवीण शर्मा पिन्नी, सलीम खान, इदरीश, सुरेशानंद बेलवाल, महेंद्र भंडारी, मुमताज, अनिल गौड़, कारी शहजाद, प्रमोद शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट, पी.के. गोस्वामी, सोमपाल, वाहिद कुरैशी, मुकेश पसपोला, मीडिया प्रभारी अतुल हांडा, विनय सजवान, सफीक पांडे, जसकीरत सिंह, नाज़िर, नाहिद, विपिन भारद्वाज, मनीष नेगी, श्याम सिंह, परवेज, ऋषि पाल, जीशान, नरेश ठाकुर, परवीन, गुरु चरण सिंह, चौधरी मामराज, साहिल, क्रिस्टीना, रजनीश शर्मा, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा, सफीक पांडा, जयपाल, संजय पटेल, इशरत तथा सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
