हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर पूरी टीम के साथ मैदान में उतर गए। मनसा देवी हिल बाईपास से लेकर मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट तक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ शब्दों में निर्देश दिए गए कि 25 जुलाई तक हर हाल में सभी निर्माण और मेला संबंधी कार्य पूरे कर लिए जाएं, अन्यथा लापरवाही पर जवाबदेही तय होगी।
डीएम मयूर दीक्षित ने सड़कें पूरी तरह गड्ढामुक्त करने, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, ट्रैफिक डायवर्जन और सूचना संकेतकों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी विभाग की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी। साथ ही सीवर लाइन और रिंग रोड परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को कांवड़ मार्ग पर किसी प्रकार की बाधा न बनने देने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन की व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, लगातार निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर संदीप, सीपीयू इंचार्ज हितेश, एसएचओ नगर कोतवाली कुंदन सिंह राणा, एसएचओ श्यामपुर नितेश शर्मा तथा एनएचएआई के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यों की प्रगति से अवगत कराया, जबकि डीएम और एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ रोजाना समीक्षा कर समय सीमा में तैयारियां पूरी कर कांवड़ मेला-2026 का सफल और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करें।
