हरिद्वार, 13 जुलाई। युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व विकास, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में MY Bharat की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 की विस्तार से समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक विकासखंड, विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और युवा क्लब तक MY Bharat की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने MY Bharat पोर्टल और भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि देशभर में 2.2 करोड़ से अधिक युवा MY Bharat पोर्टल से जुड़ चुके हैं। पोर्टल के माध्यम से इंटर्नशिप, कौशल विकास, रोजगार, स्वयंसेवी गतिविधियां, सीवी बिल्डर, मेंटरशिप, फिट इंडिया अभियान, खेल प्रतियोगिताएं, छात्रवृत्तियां और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ युवाओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।
रोशन कुमार ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD-2027), विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, युवा क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत, सेवा पखवाड़ा, वंदे मातरम् कैंप, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम जैसे अभियान युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के लिए संचालित किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा और नवाचार सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ वार्षिक कार्ययोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चन्द, जिला समन्वयक एनएसएस डॉ. एस.पी. सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी रवींद्र भारती, एआरटीओ नेहा झा सहित संबंधित अधिकारी एवं MY Bharat के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
