देहरादून/हरिद्वार। अब उत्तराखंड की महिलाएं सिर्फ कारोबार का हिस्सा नहीं, बल्कि कॉरपोरेट बोर्डरूम में फैसले लेने वाली नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में कदम बढ़ाएंगी। इसी उद्देश्य से 11 जुलाई को हरिद्वार स्थित सेज (SAGE) में फिक्की फ्लो उत्तराखंड ‘बोर्डरूम बियॉन्ड मेट्रोज़– वूमेन ऑन बोर्ड्स: इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स मास्टरक्लास इनिशिएटिव’ का आयोजन करने जा रहा है। यह पहल फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बहल के नेतृत्व में सोशल सूत्रा कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित होगी। इस एक दिवसीय मास्टरक्लास का उद्देश्य गैर-महानगरीय क्षेत्रों, विशेषकर उत्तराखंड की महिलाओं को कॉरपोरेट गवर्नेंस, बोर्ड नेतृत्व और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर की भूमिका से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य में बड़ी कंपनियों के बोर्डरूम तक अपनी मजबूत पहचान बना सकें।.तृप्ति बहल ने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व की असीम क्षमता है और उन्हें निर्णय लेने वाले पदों पर अधिक अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने बताया कि यह पहल महिलाओं को प्रशिक्षण, मेंटरशिप और नेटवर्किंग का ऐसा मंच देगी, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ कॉरपोरेट जगत में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए शेली मोंगा करेंगी। मास्टरक्लास में कॉरपोरेट गवर्नेंस, बोर्ड की कार्यप्रणाली, नियामकीय अनुपालन, नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक निर्णय प्रक्रिया जैसे विषयों पर विशेषज्ञ विस्तृत जानकारी देंगे। प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के साथ संवाद और नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा तथा समापन पर बोर्डरूम तैयारी का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में कॉरपोरेट गवर्नेंस विशेषज्ञ सीए प्रणव जैन और सीए निशा सुयाल अग्रवाल अपने अनुभव साझा करेंगे। आयोजन में अन्वेषणा और टैक्सपॉइंट नॉलेज पार्टनर, जबकि सेज हरिद्वार वेन्यू एवं हॉस्पिटैलिटी पार्टनर की भूमिका निभाएंगे।
