हरिद्वार, 09 जुलाई। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हरिद्वार में जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित खुद सड़कों पर उतर आए और हालात का जायजा लिया। उन्होंने भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल के गुरुबख्श विहार और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमनानंद अस्पताल के पास जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल पानी निकासी के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ कहा कि जलभराव से लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाने और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस को निर्देशित किया कि जहां जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाए, ताकि जाम और हादसों से बचा जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, कांवड़ यात्रियों और खासकर गंगा किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि लगातार बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से घाटों और नदी किनारों पर न जाने की सलाह दी। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहकर सुरक्षा और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
