हरिद्वार, 8 जुलाई। प्रेमनगर आश्रम में पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मोरारी बापू केवल श्रीराम कथा के वाचक नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और सनातन संस्कृति के सशक्त संवाहक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब विश्व युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, तब भारत की वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना पूरी मानवता को नई दिशा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है। राज्य सरकार केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में दो माह के भीतर 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंड साहिब और कैलाश मानसरोवर यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि यह केवल आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति का महापर्व है।
जनपद आगमन पर गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
समारोह में स्वामी चिदानंद सरस्वती, किरण चौधरी, स्वामी यतीश्वरानंद, सुनील सैनी, देशराज कर्णवाल, नितिन गौतम, अजीत चौधरी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, आशुतोष शर्मा, विकास तिवारी, आशु चौधरी, लव शर्मा, विशाल गर्ग, मनोज गौतम, संजय गुप्ता, विक्रम भुल्लर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।
