हरिद्वार। कांवड़ यात्रा से पहले हरिद्वार पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए पंजाब के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने मेला अस्पताल क्षेत्र के पास चार संदिग्धों को दबोचकर उनके कब्जे से ₹500 के 169 नकली नोट, कुल ₹84,500 की फर्जी करेंसी बरामद की। नगर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान चारों युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे वापस मुड़कर तेज़ी से भागने लगे, लेकिन बिल्केश्वर तिराहे के पास घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गुरदासपुर (पंजाब) के एक सप्लायर से मात्र ₹20 हजार में ₹500 के 200 नकली नोट खरीदे थे। इन नोटों को असली बताकर बाजार में चलाने के इरादे से वे हरिद्वार आए थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ नकली नोटों से पहले ही खरीदारी की जा चुकी है।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद केंद्रीय एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं और पूरे नेटवर्क की गोपनीय जांच शुरू कर दी गई है। वहीं हरिद्वार पुलिस ने मुख्य सप्लायर और पूरे सिंडिकेट तक पहुंचने के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार, निवासी गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को कांवड़ यात्रा से पहले बड़ी सफलता माना जा रहा है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा का कहना है कि जनपद में अवांछित गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
