हरिद्वार। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं के विरोध में जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रेषित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी ने देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बहाल करने के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय गिरी और ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद भी अभ्यर्थियों को पेपर लीक, नकल माफिया और भर्ती में देरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे युवाओं का सरकारी संस्थाओं पर भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है। महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान और प्रदेश महासचिव वरुण बालियान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है।महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटाले युवाओं के सपनों को कुचलने का काम कर रहे हैं। एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि और पार्षद हिमांशु गुप्ता ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। पार्षद नौमान अंसारी और पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी ने कहा कि उत्तराखंड सहित देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवाद लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे योग्य अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है और बेरोजगार युवाओं में गहरा आक्रोश है। पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार और पूर्व पार्षद कैलाश भट्ट ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े तनाव की हालिया घटनाएं बताती हैं कि सरकार को इस विषय पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और वरिष्ठ श्रमिक नेता विकास सिंह ने मांग की कि पेपर लीक एवं भर्ती घोटालों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, नकल माफिया पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, लंबित भर्तियां शीघ्र पूरी की जाएं, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो तथा प्रतियोगी छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श की विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए स्थायी राष्ट्रीय नीति लागू करने की भी मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव महिला कांग्रेस नलिनी दीक्षित, सुमन अग्रवाल, पार्षद महावीर वशिष्ठ, बीपीएस तेजियान, विजय प्रजापति, उज्जवल वालिया, हिमांशु राजपूत, मोहित अरियाल, रितेश पांडेय, नंदन शाह, गौरव गोस्वामी, नागेश रावत, मनोज अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
