हरिद्वार, 2 जुलाई। आगामी कांवड़ मेले को लेकर मेला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक निशा यादव एवं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में पुलिस, मेला प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने निर्माणाधीन एडमिन रोड, बॉक्स कल्वर्ट पुल और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेकर निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एडमिन रोड पर पड़ी निर्माण सामग्री और मलबा तत्काल हटाने, सड़क के गड्ढे भरने, मार्ग का समतलीकरण करने तथा सभी अवरोध समाप्त कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का शीघ्र समतलीकरण कराने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्माणाधीन बॉक्स कल्वर्ट पुल की एक लेन की बुनियाद का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा कांवड़ियों की आवाजाही के लिए रैंप तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अलकनंदा होटल को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को भी सुरक्षित और सुचारु बनाने का फैसला लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान इस क्षेत्र में केवल पैदल कांवड़ियों और दोपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलेगा। दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग तथा आगमन और निकास के पृथक मार्ग विकसित किए जाएंगे। निरीक्षण में हाईवे से पार्किंग तक रैंप निर्माण, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार सहित पुलिस, मेला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
