हरिद्वार। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन, हरिद्वार इकाई ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने राज्य में शीघ्र पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ अभद्रता, धमकी और कार्य में बाधा जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष प्रमोद गिरि ने कहा कि पत्रकार लंबे समय से सुरक्षा कानून की मांग कर रहे हैं और सरकार को इस दिशा में जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। प्रेस क्लब के पूर्व महामंत्री अश्वनी अरोड़ा और महामंत्री महावीर नेगी ने हाल ही में एक फोटो पत्रकार के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए प्रशासन से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
वरिष्ठ पत्रकार रूपेश वालिया ने जिला सूचना अधिकारी की पहल पर पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों की नियमित संयुक्त बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर रविंद्र सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनके सम्मान व सुरक्षा की रक्षा सरकार तथा प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है।
