हरिद्वार। पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलौर क्षेत्र से एक शातिर तस्कर को धर दबोचा। खास बात यह रही कि पकड़ा गया आरोपी हसीन उर्फ तोता नाम से इलाके में चर्चित बताया जा रहा है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चल रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने संदिग्ध चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 78 लाख रुपये आंकी गई है।
बाइक पर घूम रहा था “नशे का तोता”, पुलिस ने ऐसे दबोचा
पुलिस टीम मंगलौर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर घबराया, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान हसीन उर्फ तोता पुत्र सईद निवासी ग्राम लादपुर कला, थाना लक्सर के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि जिलेभर में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है। कोतवाली मंगलौर और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर, उपनिरीक्षक अशोक सिरस्वाल, एएसआई अश्वनी यादव समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
