हरिद्वार, 1 मार्च। बीएचईएल हरिद्वार के रक्षा एवं एयरोस्पेस विभाग ने अपनी 52वीं, सुपर रैपिड गन माउंट (एसआरजीएम) नेवल गन का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है । बीएचईएल के निदेशक वित्त आर. के. द्विवेदी ने, हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार की उपस्थिति में, हरी झंडी दिखाकर नेवल गन को गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के लिए रवाना किया। द्विवेदी ने कहा कि बीएचईएल द्वारा विकसित यह नेवल गन, देश की सामरिक क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बीएचईएल ने ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता के साथ-साथ, रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता स्थापित की है। रंजन कुमार ने बताया कि यह नेवल गन 35 किलोमीटर के दायरे में हवा, पानी और समुद्र में विभिन्न प्रकार के लक्ष्यों को भेद सकती है। साथ ही लक्ष्य की स्थिति के आधार पर, विभिन्न प्रकार के गोला बारूद का चयन करने में भी सक्षम है।
कार्यक्रमों की श्रंखला में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में राजेश कुमार द्विवेदी ने, मानव संसाधन विकास केंद्र तथा इसके परिसर में स्थित वेल्डिंग स्कूल भवन, में लगाए गए 300 किलोवॉट रूफ टॉप सोलर पॉवर प्लांट का भी लोकार्पण किया। अपने सम्बोधन में द्विवेदी ने कहा कि इस पॉवर प्लांट से न केवल विद्युत लागत में बचत होगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी । श्री रंजन कुमार ने भी कहा कि इससे ‘हरित भारत’ के लक्ष्य को नई गति मिलेगी । उल्लेखनीय है कि बीएचईएल हरिद्वार में आर. के. द्विवेदी की अध्यक्षता में, वित्त प्रमुख एवं ऑडिटर्स सम्मेलन का भी आयोजन किया गया । इस सम्मेलन में कंपनी की विभिन्न इकाइयों, कॉर्पोरेट कार्यालय तथा पावर सेक्टर्स के वित्त प्रमुखों एवं ऑडिटर्स ने भाग लिया । सभी प्रतिभागियों ने बीते वर्ष, वित्तीय प्रबंधन की दिशा में उठाए गए विभिन्न महत्वपूर्ण कदमों, उनके परिणामों तथा उन्हें और बेहतर बनाने के लिए विचार-विमर्श किया। इन अवसरों पर कॉर्पोरेट कार्यालय की कार्यपालक निदेशक एच. मालती एवं के. जी. विजयलक्ष्मी, महाप्रबंधक के. कृष्णमोहन, संतोष कुमार गुप्ता तथा राहुल मिश्रा सहित अन्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे ।
