हरिद्वार। जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को ग्रामीण स्तर पर मजबूती देने और विभिन्न अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान में ऋषिकुल आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आई आशाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुँचाने में आशा कार्यकर्ताओं के समर्पण को बेमिसाल बताया। वक्ताओं ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी टीकाकरण और मातृ-शिशु कल्याण जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों को हासिल करने में इन कार्यकर्ताओं की भूमिका सर्वोपरि है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सूची के आधार पर बेहतर कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को नकद पुरस्कार दिए गए। आशा श्रेणी में ब्लॉक बहादराबाद की सरंजित को प्रथम, हरिद्वार अर्बन की रानी सिंह को द्वितीय और रुड़की अर्बन की शोभा भटनागर को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं आशा फैसिलिटेटर की श्रेणी में ब्लॉक बहादराबाद से सतेशवरी प्रथम पुरस्कार, हरिद्वार अर्बन से रेखा धीमान दूसरे और खानपुर से स्लेलेता तीसरे स्थान पर रहीं। ब्लॉक समन्वयक श्रेणी में ब्लॉक भगवानपुर की राखी सैनी को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह सम्मान उन कार्यकर्ताओं को दिया गया है जिन्होंने विभाग द्वारा निर्धारित मानकों और अभियानों में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की है। इस दौरान मुख्य अतिथि विधायक मदन कौशिक ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की जमीनी स्तर पर निभाई जा रही अहम भूमिका और उनके निस्वार्थ समर्पण और समुदाय के बेहतर स्वास्थ्य निर्माण में उनके निरंतर योगदान सार्थक है।
इस अवसर पर हरिद्वार महापौर किरन जैसल तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार, डॉ० आर० के० सिंह, स्टेट प्रोग्राम ऑफिसर टी.वी., डॉ० अजय नगरकर, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० रमेश कुँवर, डॉ० अनिल वर्मा, डॉ० आलोक तिवारी, डॉ० नरेश चौधरी, जिला महामंत्री हीरा बिष्ट, मण्डल अध्यक्ष तुषांक भट्ट, पार्षद ललित रावत, पार्षद राजेश शर्मा, पार्षद मुकुल पराशर, एड. राजकुमार अरोड़ा, मण्डल महामंत्री हर्षित त्रिपाठी, विनय निगम, मंच संचालक डॉ० कोमल तथा आशुतोष भट्ट भी उपस्थित रहे।
