हरिद्वार, 4 अक्टूबर। कोतवाली नगर पुलिस ने तीव्र कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही दबोच लिया। आरोपी ने अपना नाम बदल रखा था।
घटना 29 सितम्बर को उस समय हुई जब पीड़िता घर से शौच के लिए ऋषिकुल क्षेत्र गई थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटना स्थल से लेकर संभावित स्थानों तक लगभग 400 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस की सूझबूझ और मेहनत से गुमशुदा बालिका रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक ट्रेन से जाती हुई दिखाई दी। तत्पश्चात संबंधित जीआरपी व आरपीएफ की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। आज पुलिस ने नारसन गुरुकुल क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी सहमत उर्फ अंकित पुत्र महबूब निवासी छोटी नारसन गुरुकुल थाना मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया है।
