हरिद्वार, 11 दिसंबर। नगर निगम ने मंगलवार को घाट क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने नाई घाट, सुभाष घाट, हर की पैड़ी चौक, संजय पुल और धनुष पुल क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण और घाटों की संपूर्ण व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे सफाई एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान को व्यापारियों ने भी सराहा। सुभाष घाट, नाई घाट और गऊघाट पर पीआरडी जवानों की तैनाती के बाद अतिक्रमण में उल्लेखनीय कमी आई है। व्यापारियों ने इस पहल के लिए नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण टीम में मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन, धीरेंद्र सेमवाल, सफाई नायक कपिल, अशोक चौहान, संदीप और अतुल मौजूद रहे। नगर निगम को हाल में यह शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ सफाई कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहे। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने एक सप्ताह पूर्व कड़े दिशा-निर्देश जारी किए थे। कर्मचारियों को सुबह और शाम दोनों समय GPS लोकेशन सहित फोटो व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करना अनिवार्य। सभी निरीक्षकों को कर्मचारियों की GPS उपस्थिति फोटो कम से कम 1 माह तक सुरक्षित रखने के आदेश।उपस्थिति की आकस्मिक जांच कभी भी की जा सकेगी। इस प्रणाली के लागू होने के बाद सभी कर्मचारी प्रतिदिन दोनों शिफ्ट में अपनी GPS युक्त उपस्थिति फोटो साझा कर रहे हैं, जिससे 100% उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है।
नगर आयुक्त का आधिकारिक बयान
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा घाट क्षेत्र हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है। स्वच्छता और व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिक्रमण रोकने, सफाई व्यवस्था सुधारने और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है। GPS आधारित उपस्थिति से जवाबदेही बढ़ी है और घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित व व्यवस्थित रखने में यह बड़ा कदम साबित होगा।
