मृत बेटी की निजता और गरिमा को सार्वजनिक करना बेहद शर्मनाक
अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार सवाल हत्या के आरोपियों और कथित वीआईपी के बजाय अंकिता की निजी जिंदगी को सार्वजनिक करने पर उठ रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. रमेश खन्ना ने मुख्य आरोपी के पिता और कथित तौर पर आरएसएस से जुड़े नेता की इस हरकत को अत्यंत निंदनीय बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
डॉ. खन्ना का कहना है कि कथित वीआईपी के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए मृतका अंकिता की 4085 पन्नों की निजी चैट को हरिद्वार प्रेस क्लब में सार्वजनिक करना न्याय की लड़ाई नहीं, बल्कि एक मृत बेटी की निजता और गरिमा का हनन है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब अंकिता आज अपना पक्ष रखने के लिए इस दुनिया में नहीं है, तो उसकी निजी बातचीत, प्रेम संबंधों, नाराजगी और भावनाओं को सार्वजनिक चर्चा का विषय बनाने का क्या औचित्य है? क्या अदालत में सबूत के तौर पर पेश दस्तावेजों को प्रेस में बांटकर मृतका के चरित्र पर सवाल खड़े करना उचित है?
डॉ. खन्ना ने कई गंभीर सवाल भी उठाए। अंकिता की हत्या कैसे हुई? उसका मोबाइल फोन कहां गया? रिजॉर्ट पर बुलडोजर क्यों चलाया गया? कथित वीआईपी कौन था? इन सवालों के जवाब देने के बजाय बहस को अंकिता की निजी जिंदगी की ओर क्यों मोड़ा जा रहा है?
उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता पहले ही अपनी बेटी को खोने का असहनीय दर्द झेल रहे हैं। अब उन्हें अपनी बेटी की निजी जिंदगी को सार्वजनिक होते देखने की पीड़ा भी क्यों दी जाए?
डॉ. खन्ना ने दो टूक कहा कि न्याय की लड़ाई अदालत में लड़िए और जांच में अपना पक्ष रखिए, लेकिन एक मृत बेटी की निजी चैट को सार्वजनिक तमाशा मत बनाइए। अंकिता को न्याय चाहिए, चरित्रहनन नहीं।
