पुलिस लाइन से अस्थायी थानों तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बिजली-पानी से लेकर भोजनालय और बैरक तक की परखी व्यवस्था
अग्निशमन वाहनों के लिए टेंटों के बीच पर्याप्त रास्ता छोड़ने के निर्देश, तय समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो होगी परेशानी
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर कुंभ मेला पुलिस ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को आईजी कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने कुंभ क्षेत्र में तूफानी दौरा कर विभिन्न पुलिस लाइन, यातायात लाइन और अस्थायी थानों में चल रहे निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
आईजी ने सबसे पहले मायापुर स्थित निर्माणाधीन फायर स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद ऋषिकुल मैदान-2 में प्रस्तावित मुख्य पुलिस लाइन, हरिराम इंटर कॉलेज मैदान में प्रस्तावित यातायात पुलिस लाइन तथा बैरागी कैंप में अर्द्धसैनिक बलों के लिए प्रस्तावित पुलिस लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने थाना पंतद्वीप और थाना कांगड़ा में भी व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस जवानों के रहने, खाने और दैनिक उपयोग की सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया। टिन टेंटेज, बैरक, भोजनालय, स्नानागार और शौचालयों के निर्माण की प्रगति जांचते हुए आईजी ने बिजली, पानी, पर्याप्त वेंटिलेशन, ड्रेनेज और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भोजनालय में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाने को भी कहा।
आपात स्थिति में नहीं होनी चाहिए कोई बाधा
आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने अग्निशमन सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में टेंटों के बीच इतनी पर्याप्त जगह छोड़ी जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन आसानी से अंदर पहुंच सकें और बाहर निकल सकें। साथ ही विद्युत आपूर्ति के लिए जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मर लगाने हेतु स्थान चिह्नित करने को कहा।
आईजी ने दो टूक कहा कि कुंभ मेले में तैनात होने वाले पुलिस जवानों की मूलभूत सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्य समय से पूरे होने चाहिए, ताकि मेले के दौरान पुलिस बल को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक जोधराम जोशी, सीओ लाइन वेद प्रकाश भट्ट, सीओ कुंभ सुशील रावत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और निर्माण कार्यों से जुड़ी पुलिस टीमें मौजूद रहीं।
