भारतीय शिक्षा बोर्ड ने तीन राष्ट्रीय स्किल काउंसिलों से किया एमओयू, एक साल में 25 विद्यालयों में बनेंगी आधुनिक इंटीग्रेटेड लैब
हरिद्वार। अब स्कूली बच्चों की पढ़ाई सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्कूल की कक्षा से ही उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के रास्ते भी खुलेंगे। भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) ने विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देने के लिए तीन राष्ट्रीय स्किल काउंसिलों के साथ महत्वपूर्ण समझौता किया है। पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल, फूड इंडस्ट्री कैपेसिटी एंड स्किल इनिशिएटिव तथा रबर, केमिकल एंड पॉलीमर स्किल डेवलपमेंट काउंसिल के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। इस दौरान योगगुरु स्वामी रामदेव भी मौजूद रहे।
इस पहल के तहत कक्षा नौ से ही विद्यार्थियों को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का विकल्प मिलेगा। बच्चे पढ़ाई के साथ लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, बेकिंग, रीसाइक्लिंग और प्लास्टिक प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे।
योजना का खास आकर्षण अगले एक वर्ष में बीएसबी के उत्तर भारत स्थित 25 विद्यालयों में इंटीग्रेटेड लैब की स्थापना है। इन लैब में विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद मूल्यांकन और सफल विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी मिलेगा।
स्वामी रामदेव ने कौशल विकास को शिक्षा का अहम हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इस पहल से विद्यार्थियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप, उच्च शिक्षा और अपना व्यवसाय शुरू करने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
