नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रोड़ी बेलवाला से हरकी पैड़ी क्षेत्र तक किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर तैनात रही पशु नियंत्रण टीम
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में उमड़े श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। गंगा घाटों से लेकर प्रमुख बाजारों और मेला क्षेत्रों तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम की टीम सक्रिय रही। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने स्वयं विभिन्न गंगा घाटों एवं मेला क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रोड़ी बेलवाला, हाथी पुल, सुभाष घाट, नाई घाट, संजय पुल, घंटाघर, तिरछा पुल, सीसीआर घाट और शिव घाट सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान घाटों पर विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखी जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर आयुक्त ने अपर रोड का भी निरीक्षण किया और वहां सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ अतिक्रमण हटाने के निर्देश संबंधित सफाई निरीक्षक को दिए। इसके बाद निगम की टीम ने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए घाटों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की पशु नियंत्रण टीम भी घाटों पर तैनात रही। निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक प्रशांत कुमार और धीरेंद्र सेमवाल सहित निगम की टीम जुटी रही।
