ज्वालापुर कोतवाली में सौंपा शिकायती पत्र, पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप; चेतावनी दी- जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन
हरिद्वार। रोशनाबाद गांव के कुछ युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर दलित समाज की बेटियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में सिडकुल पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने और उनके समर्थन में लगातार सोशल मीडिया पोस्ट वायरल होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। इसी को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव वरुण बालियान ने कहा कि समाज में बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल और फिर आरोपियों का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक के करीबी परिवार से आरोपी युवकों के जुड़े होने के कारण पुलिस कार्रवाई करने में संकोच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह मामला केवल दलित समाज की बेटियों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी भी जाति और धर्म की बेटी के प्रति ऐसी अभद्र टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।
बालियान ने आशंका जताई कि पुलिस की कथित लापरवाही और आरोपियों के समर्थन में लगातार वायरल हो रही पोस्ट से दो समुदायों के बीच दूरियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने मांग की कि आरोपी पक्ष के जिम्मेदार लोग भी सामने आएं और सर्वसमाज की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले का समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सर्वसमाज यह संकल्प ले कि बेटियों के सम्मान के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले किसी भी व्यक्ति का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
पूर्व पार्षद इसरार सलमानी और अनुसूचित विभाग के जिला महानगर अध्यक्ष तीरथपाल रवि ने कहा कि भाजपा सरकार में दलित समाज के प्रति लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे समाज में उपेक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं, पार्षद सुनील कुमार और अमरदीप रोशन ने दो टूक कहा कि समाज की बेटियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि पुलिस ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान शिकायत पत्र सौंपने वालों में सौरभ नौटियाल, अयान सैफी, तुषार चौधरी, निसार, अज्जू दिवाकर, दुष्यंत कुमार, पंकज भास्कर सहित कई नेता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
