हरिद्वार। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में विभागीय टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसते हुए कुल 187 चालान किए और 7 वाहनों को सीज कर दिया।
संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के अनुसार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला समेत विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।
इस दौरान सबसे अधिक कार्रवाई तेज रफ्तार और हेलमेट के उल्लंघन पर हुई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन दौड़ाने पर 68 चालान किए गए, जबकि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और हेलमेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 70 वाहन चालकों के चालान काटे गए।
इसके अलावा बिना वैध परमिट वाहन संचालन, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, अनधिकृत वाहन परिवर्तन, प्रदूषण मानकों की अनदेखी और फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस व टैक्स संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बसों, मालवाहक वाहनों, टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहनों की जांच की गई। यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने वालों को भी नहीं बख्शा गया।
प्रवर्तन कार्रवाई में वरुणा सैनी, हरीश कुमार सती, मुकेश भारती, भारत भूषण, अश्वनी कुमार और रविंद्र पाल सैनी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों को गति सीमा का पालन करने, हेलमेट पहनने और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखने की हिदायत दी गई है।
